बीआरपी इंटर कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर
जौनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बीआरपी इंटर कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के साथ तनाव, चिंता और अवसाद जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन तथा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह की देखरेख में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह ने मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध सहायता और समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण से संपर्क करने की जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया, इंटरनेट, मोबाइल और टेलीविजन का सावधानी एवं रचनात्मक ढंग से उपयोग करने की सलाह दी।
उप मुख्य प्रतिरक्षा सलाहकार डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के बीच संबंध पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ की सलाह और उचित उपचार लेना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली और संतुलित खान-पान पर भी जोर दिया।
शिविर में काउंसलर देवेंद्र कुमार यादव, डॉ. सीमा सिंह और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके जायसवाल ने भी विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि लगातार तनाव, चिंता, उदासी या अवसाद जैसे लक्षण बने रहने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहे लोगों के प्रति भेदभाव न करने और उन्हें उचित चिकित्सा एवं परामर्श उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस दौरान विद्यार्थियों को विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न व्यवस्थाओं, मध्यस्थता, पैरालीगल वालंटियर, डिफेंस काउंसिल सिस्टम और फ्रंट ऑफिस की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन सत्य प्रकाश ने किया। प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रकाश चंद्र यादव, प्राधिकरण के डाटा एंट्री ऑपरेटर सुनील कुमार मौर्य, राकेश कुमार यादव सहित विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


