पांच पिस्टल, सात तमंचे और दो चोरी की बाइक बरामद; गिरोह के सरगना की तलाश
जौनपुर। मछलीशहर पुलिस और स्वाट टीम ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत अवैध असलहा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच देशी पिस्टल, सात अवैध तमंचे और दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए तीन संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर ताजुद्दीनपुर पुलिया के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध असलहे बरामद होने की बात पुलिस ने बताई है। पूछताछ में आरोपियों के अंतरजनपदीय असलहा तस्करी गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आने का दावा किया गया।
प्रयागराज के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र के ढोकरी गांव निवासी शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा और खोजापुर निवासी प्रियांशु शुक्ला के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अपने गृह जनपद से अवैध असलहे लाकर जौनपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे।
पुलिस अब अवैध असलहों की आपूर्ति के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
मुख्य सरगना की तलाश
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मुख्य सरगना सुनील दूबे निवासी हरसड़, थाना हलिया, मिर्जापुर बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मनकामेश्वर मिश्रा के खिलाफ मिर्जापुर के कछवा थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज होने की भी जानकारी मिली है।
तीनों आरोपियों को न्यायालय भेजा
मछलीशहर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और अवैध असलहा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस की जांच के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में भी जानकारी सामने आने की संभावना है।


