तीन दोस्तों के साथ नहाने गया था, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मुंगराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के गौरैयाडीह स्थित तालाब में शुक्रवार को नहाते समय डूबकर 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर किशोर को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान अहमदपुर कैथौली निवासी सत्यम यादव (14) के रूप में हुई है। वह जूनियर हाई स्कूल जयपालपुर में कक्षा आठ का छात्र था। वह अपने तीन दोस्तों अतुल गौतम निवासी गोविंदासपुर, सनी गौतम और शिवम गौतम निवासी सरायडिगुंर के साथ किसी काम से दौलतिया हनुमान मंदिर आया था।
नहाते समय गहरे पानी में चला गया किशोर
काम निपटाने के बाद चारों दोस्त मंदिर परिसर स्थित तालाब में नहाने उतर गए। इसी दौरान सत्यम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख तीनों दोस्त घबरा गए। वे किसी तरह तालाब से बाहर निकले और शोर मचाकर मदद की गुहार लगाने लगे। हालांकि, तब तक सत्यम पानी में डूब चुका था।
पुलिस ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला शव
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रेस्क्यू कर किशोर को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष गजानंद चौबे ने बताया कि तालाब में डूबने से किशोर की मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। रेस्क्यू कर शव को बाहर निकाला गया और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


