गन्ने के मंडप में हुआ तुलसी-शालिग्राम विवाह, बाजारों में उमड़ी भीड़; विवाह समारोहों से लौटी रौनक
जौनपुर। चार माह के चातुर्मास के बाद भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का पर्व देवउठनी एकादशी (प्रबोधिनी एकादशी) गुरुवार को जिलेभर में श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इसी के साथ शादी-विवाह, गृह प्रवेश और मुंडन जैसे मांगलिक कार्यों पर लगा विराम समाप्त हो गया। शुभ मुहूर्त शुरू होते ही विवाह समारोहों की तैयारियां तेज हो गईं और मैरिज हॉल, बैंड-बाजा तथा सराफा बाजारों में रौनक लौट आई।
घरों में सजाए गए गन्ने के मंडप
पर्व को लेकर शहर के ओलंदगंज, वाजिदपुर, लाइन बाजार और कोतवाली चौराहा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही उत्साह रहा। महिलाओं ने घरों के आंगन और पूजा स्थलों पर गोबर व खड़िया से पारंपरिक अल्पना (चौक) बनाई और भगवान विष्णु के चरण चिह्न अंकित किए।
शाम को घरों में गन्ने के तनों से आकर्षक मंडप सजाए गए। इनमें शालिग्राम और भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित कर सिंघाड़ा, शकरकंद, आंवला, बेर और गुड़ सहित मौसमी फल अर्पित किए गए। रात में परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक लोकगीतों और मंत्रोच्चार के साथ भगवान विष्णु को जगाया। इस दौरान सूप और थाली बजाकर ‘उठो देव बैठो देव, अंगुरिया चटकाओ देव’ के गीत गाए गए। इस पारंपरिक आयोजन से घरों में भक्तिमय माहौल बना रहा।
तुलसी-शालिग्राम विवाह की निभाई रस्म
देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह का विशेष महत्व रहा। गोमती तट के घाटों सहित शहर के विभिन्न मंदिरों और घरों में माता तुलसी का सोलह श्रृंगार कर उन्हें लाल चुनरी ओढ़ाई गई। इसके बाद भगवान शालिग्राम के साथ विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं ने कन्यादान की रस्म निभाई और भजन-कीर्तन के बाद प्रसाद वितरित किया।
पूजा सामग्री की दुकानों पर उमड़ी भीड़
पर्व का असर बाजारों में भी दिखाई दिया। सद्भावना पुल, चहारसू चौराहा और सुतहट्टी बाजार में गन्ना, सिंघाड़ा, फूल और पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, देवउठनी एकादशी के अबूझ मुहूर्त के चलते जिले में बड़ी संख्या में विवाह संपन्न हुए। मांगलिक कार्यों की शुरुआत से कारोबारियों और विवाह समारोहों से जुड़े व्यवसायों में भी उत्साह दिखाई दिया।


