मुंगराबादशाहपुर। महारानी लक्ष्मीबाई युवा ब्रिगेड के तत्वावधान में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जन्म जयंती गुरुवार देर शाम चूड़ी गली, साहबगंज में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम स्थल पर रानी लक्ष्मीबाई का भव्य चित्र सजाया गया था। समारोह की शुरुआत चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
वक्ताओं ने वीरांगना के साहस और बलिदान को किया याद
कार्यक्रम के आयोजक जितेन्द्र गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई केवल झांसी की रानी नहीं, बल्कि पूरे भारत के स्वाभिमान, साहस और बलिदान की प्रतीक हैं। युवा पीढ़ी को उनके जीवन से देशभक्ति और नारी सम्मान की प्रेरणा लेनी चाहिए।
स्पेक्ट्रम पिनाका कोचिंग के डायरेक्टर डॉ. शेखर आनन्द पाण्डेय ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने मात्र 23 वर्ष की उम्र में जो शौर्य दिखाया, वह विश्व इतिहास में अद्वितीय है। ‘मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी’ का उनका नारा आज भी गुलामी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है।
पूर्व सैनिक संगठन वर्दी ग्रुप के अध्यक्ष सुशील पाण्डेय ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने पीठ पर पुत्र दामोदर राव को बांधकर हाथ में तलवार लेकर युद्ध किया। उनका साहस इतिहास में याद किया जाता है।
गुरुकुल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक शिवम दुबे ने कहा कि आज की बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से सीखना चाहिए। बेटियां कमजोर नहीं, बल्कि शक्ति का रूप हैं। प्रभावती हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. विकास पाल ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई की शौर्य गाथा युगों तक सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
महिलाओं का तिलक लगाकर किया सम्मान
कार्यक्रम का भावुक क्षण तब आया, जब वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम दुबे ने महिलाओं को कुमकुम तिलक लगाया, उनकी आरती उतारी और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने तालियों के साथ इस पहल की सराहना की।
नि:शुल्क पाठशाला के बच्चों को बांटी शिक्षण सामग्री
‘एक कदम शिक्षा की ओर’ अभियान के तहत डॉ. विकास पाल ने नि:शुल्क पाठशाला के बच्चों को कॉपी, किताब और पेन सहित शिक्षण सामग्री वितरित की। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में रामराज तिवारी और सुदामा सरोज ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘खूब लड़ी मर्दानी वो तो झांसी वाली रानी थी’ गीत पर पंडाल में मौजूद लोग झूम उठे।
अंत में युवाओं ने देश की रक्षा, समाज सेवा और नारी सम्मान के लिए हमेशा आगे रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के संचालन में पत्रकार सूरज विश्वकर्मा की भूमिका रही। समारोह में क्षेत्र के सैकड़ों लोग, महिलाएं, बच्चे और युवा उपस्थित रहे।


