टीडी इंटर कॉलेज और जनक कुमारी इंटर कॉलेज पहुंचे जिलाधिकारी, नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश
जौनपुर। पीईटी-2026 परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने रविवार को शहर के दो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने टीडी इंटर कॉलेज और जनक कुमारी इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में जाकर परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा संचालन में शासन और आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करें।
सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था पर जोर
डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित करने और परीक्षार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने को कहा, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जा सके।


