जौनपुर के अरुआवा गांव की घटना, निजी अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
जौनपुर। जिले के अरुआवा गांव में शनिवार रात सांप के काटने से एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान मनाली शर्मा, पत्नी शिव यज्ञ शर्मा, के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, मनाली शर्मा शनिवार रात करीब 11:30 बजे अपने कमरे में चारपाई पर सो रही थीं। इसी दौरान जब उन्होंने चारपाई से नीचे उतरने के लिए पैर लटकाया, तभी नीचे मौजूद सांप ने उनके पैर में दो बार डस लिया।
परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे
सांप के डसने की जानकारी मनाली ने तुरंत परिजनों को दी। इसके बाद परिजन बिना देर किए उन्हें उपचार के लिए जौनपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ा
बताया गया कि घटना के बाद सांप को पकड़ने वाले लोगों को बुलाया गया। उन्होंने सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।


