महिला को कुर्सी पर बैठाने का किया प्रयास, फिर उसके पास बैठकर सुनी समस्या; अधिकारियों से जल्द समाधान का आश्वासन
सुजानगंज। दिव्यांग महिला की फरियाद सुनने के लिए सपा विधायक पंकज पटेल के जमीन पर बैठने का दृश्य चर्चा का विषय बना रहा। अपने निज आवास पर जनसमस्याएं सुनने के दौरान विधायक ने महिला के पास बैठकर उसकी बात सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, मुंगरा विधानसभा क्षेत्र के सुजानगंज की रहने वाली एक दिव्यांग महिला अपनी समस्याएं लेकर विधायक पंकज पटेल के आवास पहुंची थी। उस समय विधायक लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। महिला के पहुंचने की जानकारी मिलने पर वह उसके पास गए और उसे कुर्सी पर बैठाने का प्रयास किया।
हालांकि, महिला जमीन पर बैठकर अपनी बात रखने लगी। उसे जमीन पर बैठा देख विधायक भी उसके पास जमीन पर बैठ गए और उसकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के जल्द निस्तारण के लिए कहा और महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
लोगों ने की व्यवहार की सराहना
मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक के इस व्यवहार की सराहना की। उनका कहना था कि जरूरतमंदों की बात सम्मानपूर्वक सुनना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
फिलहाल, महिला की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों की ओर से कार्रवाई का इंतजार है। अधिकारियों के स्तर पर समस्या का निस्तारण होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


