Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरभीषण लू का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

भीषण लू का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

जौनपुर। भीषण गर्मी से जूझ रहे जौनपुर जिले के लिए मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार जिले में 23 मई से लेकर आगामी दिनों तक ऊष्ण लहर (लू) से भीषण ऊष्ण लहर चलने की प्रबल संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में जौनपुर को उन जिलों में शामिल किया गया है जहां दिन के समय भीषण गर्म हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने, शुष्क मौसम तथा पछुआ गर्म हवाओं के प्रभाव के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

विभाग ने बताया कि जौनपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में 23 से 27 मई तक भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। खासतौर पर दोपहर के समय लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस दौरान हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। मजदूरों, किसानों, बुजुर्गों, बच्चों तथा लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

प्रशासन और मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें तथा सिर को ढककर ही बाहर जाएं। साथ ही खेतों और खुले स्थानों पर कार्य करने वालों को समय-समय पर आराम करने की सलाह दी गई है।

भीषण गर्मी के चलते शहर की सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है, जबकि बिजली और पानी की बढ़ती मांग ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने फिलहाल अगले कुछ दिनों तक राहत की संभावना कम जताई है।