मुंगराबादशाहपुर। जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक सिविल इंजीनियर युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक हाल ही में चचेरे भाई की शादी में शामिल होने मुंबई से घर आया था और कुछ दिन पहले ही उसकी सगाई तय हुई थी। खुशियों से भरे परिवार में अचानक मातम पसर गया।
जानकारी के अनुसार सुजानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर भरहरा गांव निवासी नागेंद्र पटेल (32) पुत्र जगदीश पटेल मुंबई में रहकर सिविल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह बीते 14 मई को अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने गांव आए थे।
शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह बाइक से अपने गांव से पवारा थाना क्षेत्र के ऊंचौरा स्थित ननिहाल जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सतहरिया चौकी अंतर्गत बिंद बस्ती के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक दूर जा गिरी और नागेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दी।
युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि नागेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाइयों के नाम महेंद्र पटेल और जितेंद्र पटेल हैं।
परिवार में शादी की तैयारियों और खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
इस संबंध में मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे ने बताया कि दुर्घटना में युवक की मौत हो गई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।



