डीएम के निर्देश पर बिजली विभाग ने की कार्रवाई, रास्ता हुआ सुगम; ग्रामीणों ने जताई राहत
केराकत। मुफ्तीगंज विकासखंड क्षेत्र के बलईपुर (कटहरी सरहद) गांव में वर्षों से चकमार्ग के बीच लगा ट्रांसफार्मर आखिरकार हटा दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को बिजली विभाग की टीम ने ट्रांसफार्मर को रास्ते से हटाकर सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर स्थापित कर दिया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों के अनुसार, चकमार्ग के बीच करीब 40 वर्षों से ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण आवागमन में परेशानी होती थी। रास्ता बाधित होने से लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। मार्ग के ऊपर झूल रहे हाईटेंशन तार भी खतरा बने हुए थे।
बीते 10 सितंबर को खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रही शशिकला पत्नी उमेश हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थीं। उन्हें पहले निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर ट्रांसफार्मर हटाने की मांग की थी।
ग्रामीणों की समस्या को लेकर भूतपूर्व सैनिक कुनाल यादव ने तहसील से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों के समक्ष लगातार आवाज उठाई। उन्होंने चकमार्ग से ट्रांसफार्मर हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराने की मांग की। इसके बाद जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ट्रांसफार्मर हटने से अब रास्ते पर आवागमन सुगम हो गया है। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान कराने के लिए जिलाधिकारी और बिजली विभाग का आभार जताया। वहीं, कुनाल यादव ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा और जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।


