Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

विश्व के नंबर-2 जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव के घर पहुंचे जगदीश सोनकर, परिवार का किया सम्मान

विश्व के नंबर-2 जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव की उपलब्धि पर पूर्व विधायक जगदीश सोनकर उनके जौनपुर स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने परिवार को सम्मानित करते हुए रोहित की सफलता को प्रदेश और देश का गौरव बताया तथा गांव के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं दिलाने का भरोसा दिया।

जीआरपी जवान की तत्परता से बची यात्री की जान, सीपीआर देकर लौटाई सांसें

जौनपुर। भीषण गर्मी के बीच शनिवार दोपहर जंघई रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री अचानक प्लेटफार्म पर बेहोश होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद जीआरपी जवान की सूझबूझ और तत्परता से यात्री की जान बच गई। जवान ने तत्काल सीपीआर देकर यात्री की सांसें वापस लौटा दीं, जिसके बाद वहां मौजूद यात्रियों ने उसकी जमकर सराहना की।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के चंदा थाना क्षेत्र के तटीरीपुर गांव निवासी 50 वर्षीय प्रभाकर मिश्रा शनिवार दोपहर करीब 2:45 बजे जंघई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज धूप और अत्यधिक गर्मी के कारण वह अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े और बेहोश हो गए।

प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी जवान अभिजीत दूबे ने शोर सुनते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पहले उन्होंने यात्री के चेहरे पर पानी के छींटे मारे, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर तत्काल सीपीआर देना शुरू कर दिया। करीब दो से तीन मिनट तक हार्ट पंपिंग करने के बाद प्रभाकर मिश्रा की सांसें सामान्य होने लगीं और उन्हें होश आ गया।

होश में आने पर प्रभाकर मिश्रा ने बताया कि वह प्रयागराज के हंडिया स्थित घनश्याम पेट्रोल पंप में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से अपने घर सुल्तानपुर जा रहे थे। अत्यधिक गर्मी और पानी की कमी के चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई। जीआरपी जवान के अनुसार वह हृदय रोग से भी पीड़ित हो सकते हैं।

घटना के बाद जवान अभिजीत दूबे ने प्रभाकर मिश्रा के मोबाइल फोन से उनके सहकर्मियों को सूचना दी। कुछ देर बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारी स्टेशन पहुंचे और जीआरपी की सहायता से उन्हें उपचार के लिए प्रयागराज के एक निजी अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने बताया कि समय रहते सीपीआर मिलने से उनकी जान बच गई। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों ने जीआरपी जवान की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की। स्टेशन अधीक्षक ने भी जवान के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि सही समय पर दिए गए प्राथमिक उपचार ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी।

डॉक्टरों ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, सिर ढककर बाहर निकलना और खाली पेट यात्रा न करना बेहद जरूरी है।