स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और विधिक अधिकारों की दी जानकारी
जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सर्वाइकल कैंसर से बचाव और विधिक सेवाओं को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के साथ उनके विधिक अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए महिलाओं और बालिकाओं का स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता लेने की अपील की। इस दौरान मध्यस्थता, पैरा लीगल वालंटियर, डिफेंस काउंसिल और फ्रंट ऑफिस के माध्यम से उपलब्ध विधिक सेवाओं के बारे में भी बताया गया।
डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसिल डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने सर्वाइकल कैंसर और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने पर जोर दिया। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके जायसवाल, डॉ. सीमा सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने सर्वाइकल कैंसर के संभावित लक्षणों की समय से पहचान, चिकित्सकीय परामर्श और बचाव के उपायों की जानकारी दी।
वक्ताओं ने छात्राओं को टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी बताया। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन आदर्श वर्मा ने किया। प्रधानाचार्या डॉ. मंजू वर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कॉलेज की शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।


