छात्र-छात्राओं से संवाद कर पठन-पाठन, भोजन, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं की ली जानकारी
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने मंगलवार को जवाहर नवोदय विद्यालय मड़ियाहूं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर पठन-पाठन, भोजन, पेयजल समेत विद्यालय में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
छात्रावास की साफ-सफाई बेहतर करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुरुष छात्रावास में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय भवनों की मरम्मत के लिए कार्यदायी संस्था आरईएस को एस्टीमेट तैयार करने को कहा।
महिला छात्रावास का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने और उसमें कंटीले तार लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
भोजन की गुणवत्ता मिली संतोषजनक
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्राचार्य को परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय परिसर में झाड़ियों की नियमित कटाई-छंटाई कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
मल्टीपरपज हॉल को नियमित रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यालय में बने मल्टीपरपज हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इसे नियमित रूप से क्रियाशील रखने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य कार्यक्रमों में इसका प्रभावी उपयोग किया जा सके।
व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने पर जोर
जिलाधिकारी ने विद्यालय की सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, अध्यापकगण सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।


