परीक्षा की रिकॉर्डिंग 60 दिनों तक सुरक्षित रखना अनिवार्य, प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया भी कैमरे में होगी कैद
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के महाविद्यालयों में चल रही परीक्षाओं की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय परिसर स्थित सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष को सक्रिय किया गया है। शुक्रवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह के साथ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर विभिन्न परीक्षा केंद्रों की स्थिति देखी। उन्होंने निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हुए परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
380 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी
विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के कुल 380 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित हो रही हैं।
प्रथम पाली में बीएससी प्रथम सेमेस्टर के हेल्थ केयर मैनेजमेंट और एमए म्यूजिक प्रथम सेमेस्टर के तबला एवं गायन विषय की परीक्षाएं हुईं। दूसरी पाली में बीए तृतीय सेमेस्टर के अंग्रेजी विषय की परीक्षा 278 केंद्रों पर आयोजित की गई। तीसरी पाली में बीए पंचम सेमेस्टर के संस्कृत एवं म्यूजिक, बीएससी पंचम सेमेस्टर के माइक्रोबायोलॉजी और एमकॉम के कॉमर्स विषय की परीक्षाएं आयोजित की गईं।
60 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी रिकॉर्डिंग
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर से केंद्राध्यक्षों के लिए जारी दिशा-निर्देशों में वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरों से निगरानी अनिवार्य की गई है। कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 60 दिनों तक सुरक्षित रखनी होगी। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में न्यूनतम दो कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रश्नपत्र भी केंद्राध्यक्ष और दो कक्ष निरीक्षकों के हस्ताक्षर के बाद ही कैमरों की निगरानी में खोले जाएंगे। इस प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग भी सुरक्षित रखी जाएगी।
पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा पर जोर
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि सीसीटीवी से सतत निगरानी परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
निगरानी व्यवस्था का संचालन सीसीटीवी निगरानी समिति के संयोजक प्रो. प्रमोद कुमार यादव, नियंत्रण कक्ष प्रभारी करुणा निराला और उनकी टीम कर रही है।


