मुंगराबादशाहपुर। ऐतिहासिक प्रतापगढ़ रोड स्थित सिद्धपीठ दौलतिया हनुमान मंदिर पर बुढ़वा मंगल का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। संकटमोचन हनुमान के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘जय बजरंगबली’ के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर हनुमान जी के दर्शन किए और रोट, हलवा व लड्डू का प्रसाद चढ़ाया। नगर में बैंड-बाजे के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। इसके अलावा विभिन्न मोहल्लों से डीजे और भजनों के बीच एक दर्जन से अधिक हनुमान जी की आकर्षक झांकियां और चौकियां निकाली गईं। झांकियों के मंदिर पहुंचने पर मेले का उत्साह और बढ़ गया।
मंदिर के पुजारी राम निरंजन यादव ने मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी का शृंगार कर विधि-विधान से आरती की। इस दौरान एसडीएम अजय उपाध्याय और सीओ प्रतिमा वर्मा ने मंदिर पहुंचकर हनुमान जी की आरती उतारी और क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।
मेले में उमड़ी भीड़ को व्यवस्थित करने और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में मेला महासमिति के अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 100 से अधिक सेवादारों ने दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे तक सेवा दी। उनके सराहनीय योगदान के लिए एसडीएम और सीओ ने सभी वॉलंटियरों को सम्मानित किया।
मेले की सुरक्षा और सफल संचालन में एसडीएम अजय उपाध्याय, सीओ प्रतिमा वर्मा, थाना प्रभारी अश्वनी दुबे, मेला महासमिति अध्यक्ष आलोक कुमार गुप्ता तथा कार्यक्रम संचालक क्रांति गुप्ता कपूर और रंजीत गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


