योजनाओं में लापरवाही पर सख्ती, लंबित मामलों के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश
जौनपुर। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में जिले की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, उनमें विशेष ध्यान देकर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए और समयबद्ध तरीके से सुधार सुनिश्चित किया जाए।
बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से सीएम डैशबोर्ड पर उपलब्ध आंकड़ों की समीक्षा करने और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पात्र लाभार्थियों को समय से योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
गांव-गांव किसानों को फसल बीमा की जानकारी देने के निर्देश
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिले की रैंकिंग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उप कृषि निदेशक को गांव-गांव योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
किसानों को योजना की पात्रता और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ उठा सकें।
धान क्रय केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने को कहा।
पंचायत भवनों में निर्धारित दिन बैठें सचिव और लेखपाल
ग्राम पंचायत भवनों की उपयोगिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव और लेखपालों को निर्धारित दिवसों पर पंचायत भवन में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वहां आने वाले ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
डिजिटल लाइब्रेरी का नियमित संचालन कराने तथा वहां समाचार-पत्र और आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पुराने और अनुपयोगी एंबुलेंसों की नियमानुसार नीलामी कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही एंबुलेंस में उपलब्ध सुविधाओं का विवरण चस्पा कराने, संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम को गंभीरता से संचालित करने और नगरीय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया।
गोशालाओं में चारा और सुविधाओं की नियमित जांच
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान गोवंश की स्थिति, गोशालाओं में उपलब्ध सुविधाओं और चारे की व्यवस्था की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने गोशालाओं को आवश्यक सुविधाओं से संतृप्त करने और छोटे पशुओं के लिए अलग व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने चारे की उपलब्धता और गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के निर्देश भी दिए।
छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा में पात्र विद्यार्थियों को समय से लाभ दिलाने को कहा गया। महाविद्यालयों में शिविर लगाकर विद्यार्थियों को योजना की जानकारी देने और आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की त्रुटि न रहने देने के निर्देश दिए गए।
गड्ढायुक्त सड़कों को प्राथमिकता से ठीक कराने के निर्देश
सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने को कहा। बरसात समाप्त होने के बाद नई सड़कों के निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में अपेक्षित प्रगति लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभागों के संबंध में नकारात्मक फीडबैक की स्थिति नहीं आनी चाहिए।
दो अक्टूबर को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने दो अक्टूबर के अवसर पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता अभियान में बेहतर कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को चिन्हित कर सम्मानित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


