सुभाषचंद्र यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, शिक्षण क्षेत्र में योगदान को किया याद
जौनपुर। कुकुड़ीपुर में शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक एवं समाजसेवी स्व. सुभाषचंद्र यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि एवं सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। चुनारगढ़ से आए नारद महाराज ने कहा कि मानव तन बड़े सौभाग्य से मिलता है। इसलिए मनुष्य को अपने जीवन का सदुपयोग अच्छे कर्म और समाजसेवा में करना चाहिए।
सेवा भावना से सार्थक होता है मानव जीवन
प्रवचन में नारद महाराज ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद और सेवा भावना के साथ किया गया कार्य ही मानव जीवन को सार्थक बनाता है। उन्होंने कहा कि पिता परिवार का शिखर होता है, जो परिवार के पालन-पोषण और उन्नति के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देता है।
उन्होंने कहा कि पिता के जाने का दुख तो रहता है, लेकिन उनके आदर्शों पर चलना और अच्छे कार्यों के माध्यम से उनकी स्मृतियों को जीवित रखना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार को किया याद
समारोह में शिक्षक एमएलसी लालबिहारी यादव और विधायक लकी यादव ने स्व. सुभाषचंद्र यादव के जीवन और कार्यों को याद किया। सपा नेता डॉ. सूर्यभान यादव ने कहा कि सुभाषचंद्र यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका यह कार्य समाज के लिए सराहनीय है।
प्रो. राकेश कुमार यादव, प्रो. राजबहादुर और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश कुमार यादव ने भी उनके सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान पर विचार व्यक्त किए। राजदेव यादव, सपा नेता दीपचंद राम, राजेंद्र सिंह, उदयभान मौर्या, सपा प्रवक्ता अमिक जामेईक, रविंद्र मिश्रा, जितेंद्र यादव, अशोक यादव और भीम यादव समेत अन्य लोगों ने स्व. यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
समाजसेवा आगे बढ़ाने का संकल्प
इस दौरान स्व. सुभाषचंद्र यादव की स्मृति में उनके पुत्र विवेक यादव और डॉ. आलोक यादव ने समाजसेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में सपा के वरिष्ठ नेता लालचंद यादव लाले, डॉ. जितेंद्र कुमार यादव और डॉ. अमित यादव ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।


