उर्वरक सेतु और यूपीसीडीसी डेटाबेस ऐप भी लॉन्च, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसान सम्मानित
जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से सहकारिता विभाग से जुड़ी चार योजनाओं और ऐप का शुभारंभ किया। इनमें भारत टैक्सी ऐप, उर्वरक सेतु ऐप, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और यूपीसीडीसी डेटाबेस ऐप शामिल हैं।
इन योजनाओं के शुभारंभ का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 250 से अधिक किसानों ने सजीव प्रसारण देखा और मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।
शुभारंभ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मौजूद रहे।
शासन के अनुसार नई योजनाओं का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देना, उर्वरक आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता लाना और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में काम करना है। वहीं, भारत टैक्सी के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का भी उद्देश्य बताया गया।
पांच किसानों को किया गया सम्मानित
कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास लिमिटेड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों अजय कुमार सिंह, अशोक कुमार, कमलेश कुमार, अशोक कुमार और सुरेश को जनप्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
इस दौरान उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम में पहुंचे किसानों को नवशुभारंभित योजनाओं और ऐप की उपयोगिता, उद्देश्यों तथा उनसे मिलने वाले संभावित लाभों की जानकारी भी दी गई।
सहकारिता को डिजिटल स्वरूप देने पर जोर
जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सहकारिता और कृषि क्षेत्र को आधुनिक एवं डिजिटल स्वरूप देने की दिशा में पहल की जा रही है। उनके अनुसार डिजिटल व्यवस्था से किसानों को सेवाएं अधिक सुगम और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अन्य किसानों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष, मछलीशहर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई योजनाओं से किसानों और युवाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने डिजिटल तकनीक के माध्यम से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने अधिकारियों को योजनाओं का जिले में प्रभावी और पारदर्शी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की संभावनाओं को देखते हुए संबंधित विभाग इन्हें जल्द धरातल पर लागू करें और पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ब्रजेश पाठक, एलडीबी निदेशक अजय सिंह, डीसी एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे।


