जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के प्रतिष्ठित उमानाथ सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल, महरूपुर का सीबीएसई कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी शानदार रहा। विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल एवं जनपद का नाम रोशन किया है।
हर्ष यादव ने किया टॉप
घोषित परीक्षा परिणाम में हर्ष यादव ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रुचि यादव ने 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।
कामनी मिश्रा ने 94.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर तीसरा तथा सृष्टि सिंह ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा प्रिंस सिंह ने 92.8 प्रतिशत और असीम अभिजात सिंह ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
11 विद्यार्थियों ने प्राप्त किए 90 प्रतिशत से अधिक अंक
विद्यालय के कुल 11 छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की। अन्य मेधावी विद्यार्थियों में सौम्या सिंह ने 91.8 प्रतिशत, विजेता यादव ने 91.4 प्रतिशत, रिया यादव एवं रुद्राक्ष सिंह ने 90.4-90.4 प्रतिशत तथा कार्तिकेय सिंह ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
वहीं आस्था चौबे और स्नेहा शुक्ला ने 89.6 प्रतिशत तथा संस्कृति सिंह ने 89.2 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को दी बधाई
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ब्रूनो डी. नाज़रेथ ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी सफल छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि विद्यालय लगातार उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
विद्यालय के समस्त शिक्षक मंडल ने भी मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हरिहर पब्लिक स्कूल का भी शानदार प्रदर्शन
वहीं हरिहर पब्लिक स्कूल, कुलहनामऊ के इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यालय द्वारा जारी टॉपर्स सूची में अंश कुमार यादव ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं उपासना सिंह ने 94.8 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा तथा अंशिका दुबे ने 92.4 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



