जौनपुर। शहीद पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की दूसरी पुण्यतिथि पर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित पत्रकार भवन सभागार में इलेक्ट्रॉनिक एंड डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले भर से जुटे पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बुद्धिजीवियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
हत्यारों को सजा मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पत्रकारों की आंखें नम हो गईं। वक्ताओं ने आशुतोष श्रीवास्तव हत्याकांड के दोषियों को सजा मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
सभा को संबोधित करते हुए जौनपुर पत्रकार संघ के अध्यक्ष शशिमोहन सिंह ‘क्षेम’ तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष संजय अस्थाना ने कहा कि घटना के दो वर्ष बीत जाने के बावजूद दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज न्याय की लड़ाई को और तेज करेगा।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताया
वक्ताओं ने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि आशुतोष श्रीवास्तव निर्भीक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने क्षेत्र की जनसमस्याओं और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था।
वक्ताओं ने कहा कि उनकी हत्या ने पूरे पत्रकार समाज को झकझोर कर रख दिया था।
पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
शहीद पत्रकार के बड़े भाई संतोष श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि मामले की विवेचना में शुरू से ही लापरवाही बरती गई। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के दौरान मुख्य आरोपित नासिर जमाल का नाम विवेचना से बाहर कर दिया गया, जिससे पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच पर सवाल खड़े किए हैं।
उन्होंने मामले की पुनः विवेचना कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई।
पत्रकारों ने न्याय की लड़ाई जारी रखने की बात कही
पत्रकार अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि पत्रकार परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव संघर्ष किया जाएगा।
गौरतलब है कि शाहगंज थाना क्षेत्र के इमरानगंज बाजार में 13 मई 2024 को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने सबरहद गांव निवासी पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पूरे जिले में भारी आक्रोश फैल गया था।
मामले में संतोष श्रीवास्तव की तहरीर पर नासिर जमाल, कामरान उर्फ अर्फी, मोहम्मद हाशिम और जमीरुद्दीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे पत्रकार और गणमान्य लोग
श्रद्धांजलि सभा में राजेश श्रीवास्तव, राजकुमार सिंह, रामजी जायसवाल, संजय अस्थाना, शशिराज सिन्हा, अजय शुक्ला, अजीत सिंह, जावेद अहमद, अब्दुल हक अंसारी, आदित्य भारद्वाज, दीपक श्रीवास्तव, राजन मिश्रा, नितिश कुमार ‘राहुल’, दीपक मिश्रा, दीपक सिंह उर्फ रिंकू, अजीत बादल चक्रवर्ती, नीरज सिंह, अखिलेश श्रीवास्तव, प्रो. आसाराम यादव, वीरेंद्र पांडेय, विनोद विश्वकर्मा, रोहित चौबे, आबिश इमाम, तबरेज नियाजी, अनवर हुसैन, सुनील सिंह, शिवेंद्र सिंह ‘काजू’, संजय चौरसिया, भोले विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार राजकुमार सिंह ने किया, जबकि अंत में इलेक्ट्रॉनिक एंड डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के महामंत्री दीपक मिश्रा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।



