Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुर38 करोड़ का बजट हंगामे के बीच पारित, बोर्ड बैठक में सभासदों...

38 करोड़ का बजट हंगामे के बीच पारित, बोर्ड बैठक में सभासदों का जोरदार विरोध

जौनपुर। नगर पंचायत खेतासराय की बुधवार को आयोजित बोर्ड बैठक भारी हंगामे, आरोप-प्रत्यारोप और तीखी नोकझोंक के बीच संपन्न हुई। गहमागहमी के माहौल में वर्ष 2026-27 के लिए करीब 38 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट पारित किया गया।

बैठक के दौरान कई मुद्दों पर सभासदों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

रजिस्टर प्रकरण को लेकर सभासदों ने जताई नाराजगी

बैठक शुरू होते ही सभासदों ने नगर पंचायत का महत्वपूर्ण रजिस्टर कार्यालय के बाहर एक लकड़ी के टाल पर मिलने का मामला उठाया। सभासदों ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कड़ा विरोध जताया।

सभासदों का कहना था कि नगर पंचायत के अभिलेखों की सुरक्षा में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। रजिस्टर प्रकरण को लेकर काफी देर तक बैठक में बहस और नोकझोंक चलती रही।

प्रतिनिधियों की मौजूदगी पर भी हुआ विवाद

माहौल उस समय और अधिक तनावपूर्ण हो गया जब कुछ सभासदों के प्रतिनिधियों की बैठक कक्ष में मौजूदगी पर आपत्ति जताई गई। सभासदों ने कहा कि बोर्ड बैठक में केवल निर्वाचित सदस्य ही शामिल हो सकते हैं और प्रतिनिधियों की मौजूदगी नियमों के विरुद्ध है।

स्थिति बिगड़ती देख अधिशासी अधिकारी अलका मौर्य को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने प्रतिनिधियों को बैठक कक्ष से बाहर कराया, जिसके बाद बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ सकी।

विकास कार्यों और बजट पर हुई चर्चा

नगर पंचायत अध्यक्ष वसीम अहमद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, नाली निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके साथ ही पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों की समीक्षा भी की गई।

रजिस्टर मामले की जांच की मांग

कासिमपुर वार्ड के सभासद सतीश यादव ‘पिंकू’ सहित अन्य सभासदों ने रजिस्टर प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। सभासदों ने कहा कि नगर पंचायत के दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

पुलिस छावनी में तब्दील रहा कार्यालय परिसर

बैठक के दौरान किसी अप्रिय स्थिति की आशंका को देखते हुए नगर पंचायत कार्यालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

थाना प्रभारी प्रदीप सिंह, कस्बा इंचार्ज अनिल पाठक और उपनिरीक्षक संजय पांडेय समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

बैठक में खालिद खान, अमित सोनकर, भाई लाल सोनकर, विवेक यादव, सलीम अहमद, रुखसाना बानो, शाहिना, सोनू बिंद और विनीता मौर्य समेत कई सभासद एवं सदस्य उपस्थित रहे।