जौनपुर। जनपद में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। जनवरी 2026 से 21 जून तक जिले में 379 सड़क हादसे हुए, जिनमें 224 लोगों की मौत हो गई, जबकि 247 लोग घायल हुए। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इन आंकड़ों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में यातायात निरीक्षक ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर व्यापक कार्रवाई करते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, मोबाइल फोन के प्रयोग, अवैध पार्किंग और शराब पीकर वाहन चलाने समेत विभिन्न मामलों में हजारों चालान किए गए हैं तथा 254 वाहन सीज किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और संकेतक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा ऋतु से पहले सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने और विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के सामने स्पीड ब्रेकर तथा जेब्रा क्रॉसिंग बनाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में बिना फिटनेस वाले वाहनों के संचालन पर रोक लगाने, ओवरलोडिंग और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करने, अतिक्रमण हटाने और ग्रामीण सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभावी कार्रवाई तथा जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने का भरोसा दिलाया।


