रामरायपट्टी शाखा से निकली प्रभातफेरी, संगोष्ठी में मानव सेवा और सामाजिक गतिविधियों पर हुई चर्चा
जौनपुर। श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस सोमवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रामरायपट्टी स्थित समूह की शाखा से सुबह प्रभातफेरी निकाली गई। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के बाद प्रभातफेरी शाखा परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।
फूलों से सुसज्जित रथ पर अघोरेश्वर महाप्रभु की तस्वीर रखी गई थी। प्रभातफेरी में शामिल श्रद्धालु अघोरेश्वर महाप्रभु, गुरुपद बाबा संभव राम और मां सर्वेश्वरी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
संगोष्ठी में मानव सेवा पर दिया जोर
दोपहर में शाखा परिसर में संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि पूर्व जिला जज वीएन सिंह ने कहा कि अघोरेश्वर महाप्रभु ने असहाय और उपेक्षित लोगों की सेवा तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कार्य करने के उद्देश्य से संस्था की स्थापना की थी।
उन्होंने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह मानव सेवा के साथ सामाजिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में भी कार्य कर रहा है।
पूर्व प्राचार्य डॉ. समर बहादुर सिंह और पूर्व जिला जज उमाकांत यादव ने भी मानव सेवा को प्राथमिकता देने की बात कही।
19 सूत्रीय कार्यक्रमों की दी जानकारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधान परिषद सदस्य बृजेश कुमार सिंह प्रिंसू ने संस्था के 19 सूत्रीय कार्यक्रमों का उल्लेख किया। उन्होंने कुष्ठ रोगियों समेत जरूरतमंद लोगों की सेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
इससे पहले पुजारी तेज बहादुर सिंह ने सफल योनि का पाठ किया। मुख्य अतिथि ने सर्वेश्वरी ध्वज का पूजन किया। नीरज अग्रहरि, मोनिका सिंह और श्वेता सिंह ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन ब्रज भूषण सिंह एडवोकेट ने किया, जबकि पूर्व व्यवस्थापक ओमप्रकाश सिंह ने आभार जताया।
इस अवसर पर शाखा मंत्री डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. धनंजय सिंह, सभा नारायण चौबे, डॉ. तेज प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, विनोद कुमार सिंह, अजीत प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


