Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरसंचारी दस्तक अभियान की तैयारी तेज, सफाई, फॉगिंग और रोग नियंत्रण पर...

संचारी दस्तक अभियान की तैयारी तेज, सफाई, फॉगिंग और रोग नियंत्रण पर रहेगा विशेष जोर

जौनपुर। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए एक जुलाई से शुरू होने वाले संचारी दस्तक अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक में विभिन्न विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य, पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, सिंचाई और सूचना विभाग सहित कई विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फ्रंटलाइन कर्मियों को प्रशिक्षित कर अभियान की सभी गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

संचारी दस्तक अभियान के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर सर्वे कर बुखार, टीबी, कुष्ठ रोग, कुपोषण और डायरिया से प्रभावित लोगों की पहचान करेंगे। इससे रोगों की समय रहते पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

वहीं ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में साफ-सफाई, जल निकासी, झाड़ियों की कटाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को नालों की सफाई और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने निजी अस्पतालों में फायर मॉक ड्रिल कराने तथा जिला अस्पताल में पर्याप्त प्लेटलेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।