23 अक्टूबर को मतदान, जौनपुर में शिक्षक क्षेत्र के 22 और स्नातक क्षेत्र के 65 मतदेय स्थल
जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक हुई। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित की गई है।
87 मतदेय स्थल निर्धारित
जौनपुर में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 22 मतदेय स्थल और 22 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 65 मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। इनमें 55 मूल और 10 सहायक मतदेय स्थल शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए भी 22 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
जिले में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के कुल 6167 मतदाता हैं। इनमें 5023 पुरुष और 1144 महिला मतदाता शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 55,786 मतदाता हैं, जिनमें 38,021 पुरुष और 17,765 महिला मतदाता हैं।
अधिकारियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को मतदान कार्मिकों, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा माइक्रो आब्जर्वर की नियुक्ति और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी। नगर मजिस्ट्रेट को वाहनों, ईंधन, रूट चार्ट और मानचित्र की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को मतदाता सूची और मतदेय स्थलों से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा वीडियोग्राफी, सीसीटीवी एवं वेबकास्टिंग, नियंत्रण कक्ष के संचालन, चिकित्सा व्यवस्था और मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
मतदान दलों की रवानगी और वापसी के दौरान टेंट, बैरिकेडिंग, प्रकाश समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। जिला सूचना अधिकारी को निर्वाचन संबंधी सूचनाएं मीडिया को उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई।
22 अक्टूबर को रवाना होंगे मतदान दल
बैठक में बताया गया कि मतदान दल 22 अक्टूबर को अपने निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगे। मतदान समाप्त होने के बाद सभी दल वापस लौटेंगे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतपत्र एवं निर्वाचन सामग्री वाराणसी में चिन्हित स्ट्रांग रूम में जमा कराएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


