विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और डिजिटल सुविधाओं से जुड़े मॉडल व सुझाव प्रस्तुत किए
जौनपुर। गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्मार्ट एवं स्वच्छ कॉलेज कैंपस विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन और स्मार्ट कैंपस की अवधारणा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। उन्होंने स्वच्छ एवं स्मार्ट महाविद्यालय परिसर के लिए विभिन्न नवीन विचार, सुझाव और मॉडल प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक-मुक्त परिसर, हरित परिसर, जल संरक्षण और डिजिटल सुविधाओं से जुड़े विषय शामिल रहे।
जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना पर जोर
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पाण्डेय ने कहा कि स्वच्छ और स्मार्ट कैंपस केवल संस्थान की सुंदरता का प्रतीक नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन और सामाजिक चेतना भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. लालमणि प्रजापति तथा सहसंयोजक विकास कुमार यादव और जितेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्मार्ट महाविद्यालय परिसर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रो. राकेश कुमार यादव, डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. नीलमणि सिंह, डॉ. अविनाश वर्मा, डॉ. अवधेश मिश्रा, डॉ. आलोक प्रताप सिंह बिसेन, डॉ. जितेंद्र सिंह समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।


