Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर तकनीकी सहायकों ने किया प्रदर्शन

मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर तकनीकी सहायकों ने किया प्रदर्शन

जौनपुर। मनरेगा तकनीकी सहायकों ने मानदेय में वृद्धि समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। एसोसिएशन ने निर्धारित समय में मांगों पर निर्णय नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

45 हजार रुपये मासिक मानदेय की मांग

तकनीकी सहायकों ने कहा कि कई वर्षों से उनके मानदेय में बढ़ोतरी नहीं हुई है। ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजनाओं और विकास कार्यों के तकनीकी निरीक्षण के लिए उन्हें लगातार क्षेत्र में आवागमन करना पड़ता है। उनके अनुसार आने-जाने में ही हर महीने करीब छह हजार रुपये पेट्रोल पर खर्च हो जाते हैं।

ज्ञापन में तकनीकी सहायकों ने जूनियर इंजीनियर के मूल वेतन के बराबर 45 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किए जाने की मांग की। इसके साथ ही अन्य लंबित मांगों का भी शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठाई गई।

26 सितंबर तक निर्णय की मांग

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि यदि 26 सितंबर तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश संगठन के आह्वान पर 28 सितंबर से लखनऊ के ईको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष सतीश चन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह, महासचिव पंकज कुमार के अलावा अजय राय, शिव कुमार मौर्य, अमरेश सिंह, दिनेश पांडेय, अनन्त कुमार सिंह, सभाजीत, शैलेष कुमार सिंह, आशीष चतुर्वेदी, शिवनारायण सिंह, रमेश कुमार सिंह और जय प्रकाश यादव समेत अन्य तकनीकी सहायक मौजूद रहे।