सिकरारा (जौनपुर)। लेह में ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सिकरारा क्षेत्र के हरिगांव निवासी सेना के जवान अर्जुन यादव का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे सेना के वाहन से उनके पैतृक गांव पहुंचा। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन और विदाई के लिए पूरे रास्ते जनसैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों बाइक और चारपहिया वाहनों के काफिले के साथ युवा और ग्रामीण हाथों में तिरंगा लेकर अंतिम यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय और वीर जवान अर्जुन यादव अमर रहें के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पति का पार्थिव शरीर देखकर पत्नी वंदना यादव रोते-रोते बेसुध हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और ढांढस बंधाया। वहीं, शहीद के पिता जिलाजीत यादव को जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सांत्वना दी। वीर जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग पहुंचे और नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि देने वालों में सदर उपजिलाधिकारी योगिता सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल एसएम भारती, नायब सूबेदार सुरेंद्र यादव, हवलदार दिनेश कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल हिमांशु, सूबेदार रामनिवेश एवं श्याम सागर सहित कई सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व चेयरमैन राजबहादुर यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधाकर उपाध्याय, राजनाथ यादव, केशजीत यादव, नन्हकू यादव, रामकुमार यादव, गुलाब यादव एवं अंकुश यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
पैतृक गांव में अंतिम दर्शन के बाद वीर जवान के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। मुखाग्नि दिए जाने से पहले सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस दौरान भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहें के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
तिरंगे में लिपटे वीर सपूत को अंतिम विदाई देते समय हर आंख नम थी। पूरा क्षेत्र अपने वीर जवान की शहादत को नमन करते हुए गमगीन नजर आया।


