जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर उत्तरी मोहल्ले की निवासी साधना मौर्य पत्नी असीम कुमार प्रकाश ने अपने सास, ससुर और देवर पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और कमरे पर जबरन कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उन्होंने शिकायती पत्र सौंपा और न्याय के साथ सुरक्षा की मांग की।
डीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में साधना मौर्य ने आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे उनके ससुर ओम प्रकाश मौर्य, सास ललिता देवी और देवर अवनीश कुमार ने दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। साथ ही उनके कमरे में ताला लगाकर कब्जा करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
महिला के मुताबिक, घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद वह शहर कोतवाली पहुंचीं। उनका आरोप है कि शिकायत सुनने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है।
साधना मौर्य ने बताया कि उनके पति रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। ऐसे में उन्हें घर पर अकेले ही इन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि अब तक उनके साथ तीन-चार बार मारपीट की जा चुकी है।
उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।


