Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो रहे अधेड़ की सिर कूचकर...

ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो रहे अधेड़ की सिर कूचकर हत्या

गोदाम बाजार में भोर में घटना की जानकारी से मचा हड़कंप, दुकान का ताला भी टूटा मिला; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सिकरारा। भभौरी गांव के गोदाम बाजार चौराहे पर रविवार रात ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो रहे अधेड़ की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। सोमवार भोर करीब तीन बजे बाजारवासियों को घटना की जानकारी हुई तो मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई। बाजारवासियों के अनुसार उदयराज पिछले करीब 15 वर्षों से गोदाम बाजार में ही घूमता रहता था। रात में वह अक्सर सिकरारा-बरईपार मार्ग स्थित विंध्यवासिनी ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो जाता था। बताया गया कि वह लोगों से ज्यादा बातचीत नहीं करता था और कभी-कभार ही घर जाता था।

दुकान का ताला टूटा मिला

खपरहां गांव निवासी हिमांशु सेठ गोदाम बाजार में विंध्यवासिनी ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। सोमवार सुबह दुकान का ताला टूटा मिला। हालांकि प्रारंभिक जांच में दुकान से किसी सामान के गायब होने की जानकारी सामने नहीं आई है। दुकान के बरामदे में ही उदयराज का शव पड़ा था।

पुलिस के अनुसार उदयराज के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया है। घटनास्थल पर दुकान की दीवार पर खून के छींटे मिले, जबकि आसपास भी खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका में घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू किए।

अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अतीस कुमार, सीओ सदर सम्यक चौधरी और थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाजार तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस दुकानदार और मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।

परिजनों में मचा कोहराम

उदयराज चार भाइयों में से एक था। उसके भाई अभयराज और छविराज यादव की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई दीपराज मुंबई में रहता है। घटना की जानकारी मिलने पर मां उभयराजी देवी उर्फ भुटका समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस के अधिकारियों के अनुसार हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।