सिकरारा। चौराहे पर रोडवेज बसों का नियमित ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे बादशाहपुर डिपो की बस को रोकने के लिए चौराहे पर खड़े यात्रियों ने हाथ देकर संकेत किया, लेकिन चालक बस रोके बिना आगे निकल गया। इससे बादशाहपुर सहित अन्य स्थानों की ओर जाने वाले यात्रियों को निराश होकर दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि चौराहे पर बसें नहीं रुकने से उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। खासकर जरूरी काम से यात्रा करने वाले लोगों को अधिक परेशानी होती है। बसों के निर्धारित ठहराव की व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों को आवागमन में अनावश्यक समय गंवाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों से सिकरारा चौराहे पर निर्धारित रोडवेज बसों का नियमित ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।


