सुजानगंज। क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में 72 वर्षीय हीरावती देवी की मौत के बाद गांव में मातम पसरा है। शनिवार को भी मृतका के घर चूल्हा नहीं जला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
उधर, पुलिस ने मामले में 10 नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट में घायल रमेश सिंह की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि विनोद सिंह पुत्र स्वर्गीय जिलेदार सिंह और हर्षिता सिंह पुत्री रमेश सिंह की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए बैठाया गया है। पुलिस टीम घटना की गहनता से जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की एक टीम पीड़ित और आरोपित पक्ष के घरों पर तैनात की गई है।
इधर, समाजवादी पार्टी के नेता एवं जिला पंचायत सदस्य नन्हकू राम यादव ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया। घटना के बाद से गांव में शोक के साथ तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और घायलों के स्वास्थ्य में सुधार पर टिकी हैं।


