जौनपुर। नगर के चितरसारी स्थित खास हौज़ के टापू पर विराजमान शहंशाह बाबा का सालाना उर्स शुक्रवार को श्रद्धा, अकीदत और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। उर्स में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शामिल होकर बाबा की मजार शरीफ पर चादरपोशी की तथा अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी।
उर्स के दौरान गाजे-बाजे और कव्वाली की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं का जत्था मजार शरीफ तक पहुंचा। अकीदतमंदों ने पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मजार पर चादर अर्पित की। आयोजन स्थल पर दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा और देर शाम तक जायरीन की आवाजाही जारी रही।
कव्वाली और प्रसाद वितरण बना आकर्षण
उर्स के अवसर पर कव्वाली का भी आयोजन किया गया, जहां सूफियाना कलामों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
कौमी एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश
उर्स में विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता देखने को मिली। आयोजन ने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और कौमी एकता का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने देश और समाज में शांति, सद्भाव और खुशहाली की कामना की।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर, अच्छेलाल, धनराज, केतन गुप्ता, कांग्रेस नगर अध्यक्ष आरिफ खान, सभासद शाहनवाज मंजूर, अनुज, ललित कुमार, अजय कुमार एवं राकेश कुमार यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य आयोजक राजकुमार गुप्ता ने उर्स में शामिल सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों तथा नगर परिषद प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


