Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

जौनपुर के विभिन्न वार्डों में इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण

नगर पालिका परिषद जौनपुर की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों में इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या ने कार्यों का उद्घाटन किया।
Homeअपना जौनपुरखेल भावना, टीमवर्क और आत्मविश्वास से बढ़ाएं विश्वविद्यालय का गौरव : कुलपति

खेल भावना, टीमवर्क और आत्मविश्वास से बढ़ाएं विश्वविद्यालय का गौरव : कुलपति

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में अंतर विश्वविद्यालयीय कबड्डी का भव्य आगाज, 14 प्रदेशों के 54 विश्वविद्यालयों की टीमें ले रही हैं हिस्सा

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू), नई दिल्ली के आवंटन पर विश्वविद्यालय के खेलकूद परिषद की ओर से आयोजित यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 18 से 21 नवंबर तक परिसर स्थित मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा संकुल में आयोजित हो रही है। इसमें 14 प्रदेशों के 54 विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कबड्डी में सफल रेड के लिए साहस और सूझबूझ, जबकि मजबूत बचाव के लिए टीम का बेहतर तालमेल जरूरी है। खिलाड़ियों को हार-जीत से सीख लेते हुए अगले अंक पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।

उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और टीम के प्रति विश्वास बनाए रखते हुए पूरे दमखम से खेलने की प्रेरणा दी। साथ ही विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों को एक-दूसरे की खेल शैली से सीखने और अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएं।

उद्घाटन समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया और कुलपति को सलामी दी। कुलपति ने सभी टीमों का अभिवादन स्वीकार कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

भारतीय विश्वविद्यालय संघ की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में जींद विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. नरेश कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह एवं वित्त अधिकारी विनोद कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने स्वागत भाषण दिया। अध्यक्षता खेलकूद परिषद के अध्यक्ष प्रो. सुधाकर सिंह ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह ने किया। संचालन राजेश सिंह ने किया।

प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए सुरेश कुमार सिंह को प्रतियोगिता प्रबंधक नियुक्त किया गया है। निर्णायक मंडल में माया राय, जेपी सिंह, अजीत कुमार, शिव मुनि, धर्मेंद्र पाल, कन्हैया यादव एवं जितेंद्र पटेल शामिल हैं।

आयोजन में प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. आलोक सिंह, डॉ. राम आसरे राय, डॉ. रसिकेश, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, विजय, सुशील कुमार प्रजापति, राधेश्याम सिंह सहित खेल शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

पहले दिन देर शाम तक चले रोमांचक मुकाबले

प्रतियोगिता के पहले दिन दो पूल में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों के बीच कड़े मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने आक्रामक रेड और मजबूत डिफेंस के दम पर प्रतिद्वंद्वी टीमों को चुनौती दी।

पहले पूल में बी.एन.एम. विश्वविद्यालय, संबलपुर विश्वविद्यालय, एस.जी. गुरु विश्वविद्यालय, विनोबा बी. विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय, एन. बंगाल विश्वविद्यालय और आर.आई.एस. विश्वविद्यालय ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।

वहीं, दूसरे पूल में एस.एम.के. विश्वविद्यालय, मुंगेर विश्वविद्यालय, मैट्स विश्वविद्यालय, एन. लखीमपुर विश्वविद्यालय, एम.एस.आर.बी.डी. विश्वविद्यालय एवं पूर्णिया विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालयों की टीमों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया।

दूधिया रोशनी में देर शाम तक चले मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। पूरे दिन विश्वविद्यालय परिसर का खेल मैदान रोमांच और खेल उत्साह से सराबोर रहा।