जौनपुर। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत यातायात पुलिस ने छठ पर्व के मद्देनजर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार पाण्डेय एवं यातायात पुलिस की टीम ने प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अभियान चलाया।
इस दौरान लाउडस्पीकर से उद्घोषणा करने के साथ हैंडबिल और पम्पलेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाने, तेज गति और नशे में वाहन न चलाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा वाहनों से काली फिल्म भी उतरवाई गई।
1273 वाहनों का चालान, चार वाहन सीज
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 1273 वाहनों का चालान किया गया, जबकि चार वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई में काली फिल्म के छह, स्टंटबाजी का एक तथा हूटर-सायरन के प्रयोग का एक मामला भी शामिल रहा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।


