छात्रावासों में विद्यार्थियों ने की सफाई, पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
जौनपुर। वीरबहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में रविवार को ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अंतर्गत विभिन्न छात्रावासों में स्वच्छता, वृक्षारोपण और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम हुए। विद्यार्थियों ने पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
श्रीनिवास रामानुजन छात्रावास में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. रजनीश भास्कर ने विद्यार्थियों को स्वच्छता और पौधरोपण के महत्व की जानकारी दी। चरक छात्रावास में विद्यार्थियों ने परिसर के बाहर पौधे लगाए। मुख्य वार्डन प्रो. अविनाश डी. पाथर्डीकर ने पर्यावरण संरक्षण में विद्यार्थियों की सहभागिता को आवश्यक बताया। महिला छात्रावास में भी छात्राओं को स्वच्छता और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया गया।
विश्वकर्मा छात्रावास में नशामुक्ति संकल्प और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। मुख्य कुलानुशासक प्रो. अजय प्रताप सिंह ने कहा कि नशा स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, इसलिए इससे दूरी जरूरी है।
कार्यक्रम में विभिन्न छात्रावासों के वार्डन और शिक्षक विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे।


