समर्थक शिक्षकों के साथ वाराणसी पहुंचे, दूसरे सेट का नामांकन सोमवार को करने की बात
जौनपुर। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सदस्य विधान परिषद पद के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (नवीन) के अधिकृत प्रत्याशी धर्मेंद्र कुमार यादव ने शनिवार को नामांकन दाखिल किया। बीआरपी इंटर कॉलेज जौनपुर में प्रवक्ता यादव ने जेपी मेहता इंटर कॉलेज में समर्थक शिक्षकों की सभा को संबोधित करने के बाद जुलूस के रूप में चुनाव आयुक्त कार्यालय पहुंचकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में एक सेट में नामांकन पत्र जमा किया। उन्होंने दूसरा सेट सोमवार को दाखिल करने की बात कही।
सभा में धर्मेंद्र कुमार यादव ने शिक्षकों से मतदान से पहले प्रत्याशियों और संगठनों की भूमिका पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हित, अधिकार, सम्मान और सेवा सुरक्षा के मुद्दों पर सेवारत शिक्षक को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने अपने समर्थन में ‘न पार्टी, न सेवानिवृत्त, आपका शिक्षक विधायक सेवारत’ का नारा भी दिया।
एक सेट के नामांकन के लिए 10 प्रस्तावक रहे। इनमें राज केशर यादव, डॉ. चंद्र सेन, कमलनयन, हौशिला प्रसाद पाल, रामनारायण बिंद, रामपाल, इंद्रेश कुमार, अजीत चौरसिया, डॉ. छोटे लाल यादव और विजय प्रकाश गौतम शामिल रहे।
नामांकन जुलूस में वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आठ जिलों के शिक्षक प्रतिनिधि और समर्थक शामिल हुए।


