Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमाता-पिता की प्रतिमा स्थापित करना संस्कारों को संजोने का संदेश : बृजेश...

माता-पिता की प्रतिमा स्थापित करना संस्कारों को संजोने का संदेश : बृजेश सिंह

सोनानन्दन नीलदीप एकेडमी में प्रतिमा अनावरण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेधावी छात्र सम्मानित

जौनपुर। सीहीपुर स्थित सोनानन्दन नीलदीप एकेडमी परिसर में विद्यालय प्रबंधक प्रदीप कुमार सिंह के पिता रामनन्दन सिंह और माता सोनापति देवी की प्रतिमाओं का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि वाराणसी के पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने प्रतिमाओं का अनावरण कर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया।

बृजेश सिंह ने कहा कि माता-पिता की प्रतिमा स्थापित कर उनकी स्मृतियों को संजोना भारतीय संस्कृति और संस्कारों का उदाहरण है। माता-पिता जीवन के प्रथम गुरु होते हैं। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का काम करते हैं।

बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि माता-पिता के नाम पर प्रतिमा स्थापित कर प्रदीप सिंह ने आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी कार्य किया है। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन कुंवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि माता-पिता के सम्मान में किया गया कार्य समाज को संस्कार और कृतज्ञता का संदेश देता है।

प्रधान ट्रस्टी व संचालक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिमाएं स्थापित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों और आने वाली पीढ़ी में माता-पिता एवं पूर्वजों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।

विद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता ओम प्रकाश सिंह, सतीश सिंह, विनय सिंह, सजल सिंह, सूर्य प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन दीपक सिंह ने किया। प्रधानाचार्य डॉ. राज सिंह और उप प्रधानाचार्य रजनीश सिंह ने आभार जताया।