सेवानिवृत्त साथियों, बेटियों के विवाह और गंभीर बीमारी में आर्थिक मदद का निर्णय
मछलीशहर। धर्मराज यादव (अध्यक्ष) एवं अरुण कुमार शुक्ला (ब्लॉक महामंत्री) के आह्वान पर शुक्रवार को माता-पिता इंटर कॉलेज, जमुहर में शिक्षामित्रों की बैठक हुई। इसमें आपसी एकजुटता और सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षामित्र साथियों को आर्थिक सहयोग दिया जाएगा। इसके अलावा किसी शिक्षामित्र की बेटी के विवाह तथा साथी के गंभीर रूप से बीमार होने की स्थिति में भी आपसी अंशदान के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
बैठक में मौजूद शिक्षामित्रों ने जरूरत के समय एक-दूसरे के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना से होती है। प्रयास रहेगा कि किसी शिक्षामित्र परिवार को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक कठिनाइयों का अकेले सामना न करना पड़े।
बैठक में कहा गया कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षामित्र परिवारों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करना है, ताकि जरूरतमंद साथियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।


