Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरमास्टर चाबी से घर का ताला खोल लाखों के जेवर और नकदी...

मास्टर चाबी से घर का ताला खोल लाखों के जेवर और नकदी ले गए चोर

  • सांप के डर से पड़ोसी के घर सोया था परिवार, सुबह घर में बिखरा मिला सामान; पुलिस जांच में जुटी

खुटहन। खुटहन थाना क्षेत्र के धमौर गांव में शनिवार देर रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण और करीब 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि घर में जहरीला सांप दिखाई देने के बाद परिवार मकान में ताला लगाकर पड़ोसी के घर रात बिताने चला गया था। इसी दौरान चोरों ने कथित रूप से मास्टर चाबी से घर का ताला खोलकर वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

धमौर गांव निवासी इसरार पुत्र खालिक के अनुसार, शनिवार शाम उनके घर में एक जहरीला सांप दिखाई दिया था। इससे भयभीत परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर पड़ोसी के यहां सोने चले गए। आरोप है कि इसी दौरान आधी रात के बाद चोरों ने मास्टर चाबी से घर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का भी ताला खोल दिया।

परिजनों के मुताबिक, चोर अलमारी में रखी तीन सोने की अंगूठियां, कान का झाला, मांग टीका, दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी चांदी की पायल और करीब 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। रविवार सुबह जब परिवार घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला खुला मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना पर डायल-112 और खुटहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस जल्द घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।