जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान घाट मोहल्ले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले बनाए गए उसके वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
मृतक की पहचान वासु सेठ उर्फ रमन (26) पुत्र महेश सेठ निवासी हनुमान घाट, थाना कोतवाली, जौनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व भदोही जिले के नवघन ऊज गांव की एक युवती से हुई थी। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं।
मौत से पहले वीडियो में लगाया प्रताड़ना का आरोप
जानकारी के अनुसार, आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने अपनी पत्नी, सास, साली और साले पर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। वीडियो में युवक भावुक नजर आ रहा है और अपनी परेशानियों का जिक्र करते हुए यह कदम उठाने की बात कहता दिखाई दे रहा है।
परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतक के तीनों बच्चे पिता की मौत के बाद बेसहारा हो गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मोहल्ले और आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर दुख और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो भी जांच के दायरे में
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से पहले बनाए गए वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
शहर कोतवाली क्षेत्र के कसेरी बाजार निवासी रमन सेठ की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


