― Advertisement ―

spot_img

ट्रंप-शी मुलाकात और बदलते वैश्विक शक्ति-संतुलन का नया अध्याय

अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में ट्रंप और शी जिनपिंग की संभावित मुलाकात वैश्विक राजनीति और आर्थिक संतुलन को नई दिशा दे सकती है।
Homeअपना जौनपुरसिपाह और मियांपुर में गंदगी से लोग परेशान, प्रदर्शन की चेतावनी

सिपाह और मियांपुर में गंदगी से लोग परेशान, प्रदर्शन की चेतावनी

जौनपुर में सफाई व्यवस्था बदहाल, ट्रांसफार्मर के नीचे कूड़े का ढेर

जौनपुर। शहर में नगर पालिका की लापरवाही के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर के कई इलाकों में कूड़े के अंबार लगे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। खासकर सिपाह और मियांपुर वार्ड की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। यहां जगह-जगह फैली गंदगी और सड़कों तक पहुंचे कचरे के ढेर लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं।

ट्रांसफार्मर के नीचे जमा कूड़ा बना खतरा

सिपाह इलाके में सड़क किनारे लगे उच्च क्षमता वाले बिजली ट्रांसफार्मरों के नीचे भारी मात्रा में कचरा जमा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मरों से अक्सर चिंगारियां निकलती रहती हैं। ऐसे में सूखे कचरे और प्लास्टिक के ढेर के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यहां से कचरा नहीं हटाया गया तो आग लगने की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता है।

मियांपुर में सड़कों तक फैला कचरा

मियांपुर मोहल्ले में भी हालात बेहद खराब बने हुए हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और कई स्थानों पर कचरा सड़कों तक फैल चुका है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

भीषण गर्मी और उमस के बीच सड़ते कचरे से उठ रही बदबू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। साथ ही मक्खी-मच्छरों की संख्या बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिनों से सफाई कर्मी इलाके में नहीं पहुंचे हैं, जिसके कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सफाई व्यवस्था को लेकर अब लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों और करदाताओं ने नगर पालिका पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घर-घर से कचरा उठाने की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित रह गई है।

प्रदर्शन की चेतावनी

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटे के भीतर सिपाह और मियांपुर क्षेत्रों से कचरा नहीं हटाया गया, तो नगर पालिका मुख्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Share Now...