Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img

कार ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, ट्रैफिक दरोगा की इंसानियत ने जीता लोगों का दिल

जेसीज चौराहे पर सड़क हादसे में घायल डिलीवरी बॉय को ट्रैफिक दरोगा ने गोद में उठाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी वाहन और चालक को हिरासत में ले लिया है।

E-paper 09-06-2026

Homeअपना जौनपुरआंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था दो दिन में बहाल करने के निर्देश

आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था दो दिन में बहाल करने के निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार देर सायं कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आंधी-तूफान से प्रभावित विद्युत व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए।

दो दिन में बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि तूफान के कारण जिन क्षेत्रों में बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं, वहां युद्धस्तर पर कार्य कराते हुए दो दिनों के भीतर विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल कराई जाए। उन्होंने विभिन्न एजेंसियों को लगाकर तेजी से पोल लगाने और मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने तक प्रतिदिन शाम को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

सुरक्षा उपकरण लगाने पर जोर

डीएम ने कहा कि पोल लगाए जाने के बाद उनकी ग्राउटिंग अवश्य कराई जाए तथा जहां स्टे लगाने की आवश्यकता हो, वहां तत्काल स्टे लगाए जाएं ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न हो।

उन्होंने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया कि विद्युत परिवर्तकों को क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। टेललेस यूनिट और फ्यूज जैसे उपकरण लगाने तथा पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।

ट्रिपिंग समस्या के समाधान के निर्देश

जिलाधिकारी ने जनपद मुख्यालय पर बार-बार हो रही ट्रिपिंग की समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत पोलों और तारों के अनुरक्षण तथा पेड़ों की कटाई समय से कराने को कहा।

उन्होंने कहा कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि करंट उतरने जैसी घटनाएं न हों और तारों का इंसुलेशन सुरक्षित बना रहे।

शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

बैठक में उपभोक्ताओं के बिजली बिल से संबंधित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण उपखंड कार्यालय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। इसमें लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों पर कार्रवाई

समीक्षा बैठक के दौरान जवाब संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता द्वितीय को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उपखंड अधिकारी खेतासराय का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अगले तीन महीने तक अलर्ट मोड पर रहेंगे तथा विद्युत व्यवधान की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करेंगे।

15 दिन बाद फिर होगी समीक्षा

जिलाधिकारी ने कहा कि 15 दिन बाद पुनः समीक्षा बैठक की जाएगी और यदि निर्देशों का पालन नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह सहित विद्युत विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।