पुरानी बाजार रोड पर गंगा प्रेस के सामने लंबे समय से खड़ा है जर्जर पोल, लोगों ने की नया पोल लगाने की मांग
अफ्फान अहमद
जौनपुर। शहर में जर्जर और खराब बिजली के पोलों को हटाने या दुरुस्त करने के विभागीय दावों के बावजूद समस्या कम होती नजर नहीं आ रही है। पुरानी बाजार रोड पर गंगा प्रेस के ठीक सामने लंबे समय से एक बिजली का पोल जर्जर अवस्था में खड़ा है। इससे आसपास के लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जर्जर पोल को हटाने या पूरी तरह बदलने के बजाय उसके सहारे एक दूसरा खंभा गाड़ दिया गया है। जर्जर पोल को दूसरे खंभे से रस्सी के सहारे बांधकर टिकाया गया है। ऐसे में बिजली के तारों का भार संभाल रहे पोल की मजबूती को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

व्यस्त मार्ग पर दुर्घटना की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बिजली आपूर्ति के दौरान जर्जर पोलों से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर पुरानी बाजार रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर यदि पोल अचानक गिरता है तो राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को नुकसान हो सकता है।
विभाग की ओर से समय-समय पर खराब और जर्जर पोलों को चिन्हित कर उन्हें हटाने अथवा बदलने की बात कही जाती है। इसके बावजूद मौके पर लंबे समय से खड़ा यह पोल व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़ा कर रहा है।
स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर पोल की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पोल को सुरक्षित तरीके से हटाकर नया पोल लगाया जाए, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके।


