Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरचित्रों में बच्चों ने उकेरा सपनों का भारत, भाषण में भी दिखाई...

चित्रों में बच्चों ने उकेरा सपनों का भारत, भाषण में भी दिखाई प्रतिभा

‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय आयोजन, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

मुंगराबादशाहपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम का ब्लॉक स्तरीय आयोजन गुरुवार को सार्वजनिक इंटर कॉलेज मुंगराबादशाहपुर के सभागार में हुआ। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। बच्चों की चित्रकारी और विचारों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

100 विद्यार्थियों ने पेंटिंग में लिया हिस्सा

कक्षा पांच से आठ तक के 40 बच्चों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पेंटिंग बनाई। कक्षा नौ से 12 तक के 60 विद्यार्थियों ने पेंटिंग, जबकि 30 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

कक्षा पांच से आठ की पेंटिंग प्रतियोगिता में एएम इंटरनेशनल की अलीशा सोनी ने प्रथम, कंपोजिट विद्यालय सटवां के रिशु विश्वकर्मा ने द्वितीय और कंपोजिट विद्यालय गरियाव की सुनैना मौर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कक्षा नौ से 12 की पेंटिंग प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय काछीडीह नडार की अनन्या मौर्या प्रथम, सार्वजनिक इंटर कॉलेज की अर्पिता यादव द्वितीय और श्री गिरिजा शंकर तिवारी इंटर कॉलेज नीभापुर की आंचल मिश्रा तृतीय रहीं।

भाषण प्रतियोगिता में अभिषेक मिश्रा प्रथम

भाषण प्रतियोगिता में श्री गिरिजा शंकर तिवारी इंटर कॉलेज के अभिषेक मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आकृति गुप्ता द्वितीय और हिंदू बालिका इंटर कॉलेज की अलशिफा परवेज तृतीय रहीं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच

खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अविनाश सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उन्हें अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

बीएसए समीर ने कहा कि बच्चे अभी से अपने सपनों के भारत के निर्माण में योगदान दें तो 2047 तक विकसित भारत की संकल्पना को साकार किया जा सकता है। ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र कुमार सिंह ने शैक्षिक उन्नति के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

संचालन रविशंकर यादव ने किया। प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया।

इस दौरान राजेंद्र प्रसाद, डॉ. धर्मदेव, सीमा, अजीत, विजय, प्रवीण, शशिधर, मुलायम, डॉ. रत्नशंकर, संजय, चित्रसेन, दिनेश, विनय, रमाकांत, गोविंदमोहन, सुषमा, उपेंद्र, संदीप, राहुल, हंसराज, अनुज तथा राज्य पुरस्कार से सम्मानित संजय कुमार मिश्र मौजूद रहे।