करीब 40 वर्षीय व्यक्ति को स्वास्थ्य केंद्र ले गई थी जीआरपी, शव का पंचायतनामा कराने की कार्रवाई शुरू
जौनपुर। जलालगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर अचेत अवस्था में मिले करीब 40 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। जीआरपी उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गई थी, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जीआरपी चौकी प्रभारी जौनपुर सिटी रवींद्र कुमार पटेल के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे जलालगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर एक दिव्यांग व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन नाम और पता नहीं चल सका।
इसके बाद पुलिस उसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।


