बक्शा के फतेहगंज पकड़ी के पास ट्रक और पल्सर की जोरदार टक्कर; वाराणसी में ठेकेदारी करते थे रशिद
बक्शा, जौनपुर। बेटी की सगाई में शामिल होने के लिए घर आ रहे ठेकेदार की शुक्रवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। बक्शा थाना क्षेत्र के फतेहगंज पकड़ी के पास ट्रक और पल्सर मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मछलीशहर क्षेत्र के पराहित निवासी रशिद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चल रही मांगलिक कार्यक्रम की तैयारियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, रशिद वाराणसी में रहकर ठेकेदारी का काम करते थे। शुक्रवार को उनकी बेटी की सगाई का कार्यक्रम निर्धारित था। घर में रस्म की तैयारियां चल रही थीं और परिजन उनके आने का इंतजार कर रहे थे। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही फतेहगंज पकड़ी के पास हादसे का शिकार हो गए।
ट्रक और पल्सर में हुई टक्कर
बताया गया कि ट्रक और पल्सर मोटरसाइकिल दोनों मछलीशहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर की वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर बक्शा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मोटरसाइकिल के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतक की पहचान और परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की। मौके पर फतेहगंज हल्का प्रभारी सकलदीप सिंह, कांस्टेबल अंकुश और डायल 112 की टीम मौजूद रही। पुलिस ने शव और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सगाई की खुशियां मातम में बदलीं
बेटी की सगाई के लिए घर आ रहे रशिद की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में मांगलिक रस्म को लेकर उत्साह था, वहां हादसे की खबर पहुंचते ही शोक छा गया। घटना से रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में भी दुख की लहर दौड़ गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


