Become a member

Get the best offers and updates relating to Liberty Case News.

― Advertisement ―

spot_img
Homeअपना जौनपुरजौनपुर में डेंगू का एक और मरीज मिला, इस साल अब तक...

जौनपुर में डेंगू का एक और मरीज मिला, इस साल अब तक 20 मामले

सिकरारा के देवपुर गांव में स्वास्थ्य विभाग ने चलाया सर्वे अभियान, जिले में डेंगू से मौत नहीं

जौनपुर। जिले में डेंगू का एक नया मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सिकरारा ब्लॉक के देवपुर गांव में मरीज मिलने के बाद जनवरी 2026 से अब तक जिले में डेंगू के कुल 20 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। विभाग ने बताया कि अब तक जिले में डेंगू से किसी की मौत नहीं हुई है।

मरीज के घर के आसपास चला सर्वे अभियान

नया मामला सामने आने के बाद जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, सहायक मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा, सिकरारा के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक बीएल गौतम और गांव की आशा ममता सिंह ने मरीज के घर के आसपास भ्रमण किया। इस दौरान बुखार से पीड़ित लोगों का सर्वे किया गया। साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थलों की जांच, लार्वा नष्ट करने के उपाय और एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव कराया गया।

स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को पोस्टर और पर्चों के माध्यम से डेंगू से बचाव की जानकारी भी दी। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि अक्टूबर तक डेंगू संक्रमण का खतरा बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

जमा पानी से बचें, मच्छरों से करें बचाव

डेंगू संक्रमित मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलता है। तेज बुखार, सिरदर्द, बदन और मांसपेशियों में दर्द, उल्टी तथा मितली इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर जांच और उपचार में देरी नहीं करनी चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर और फ्रिज की ट्रे का पानी हर सप्ताह बदलने तथा पानी की टंकियों को ढककर रखने की अपील की है। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है। बुखार होने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने को कहा गया है।

सरकारी अस्पतालों में जांच और उपचार की सुविधा

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में डेंगू की जांच व उपचार की सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं। विभाग ने लोगों से झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराने से बचने और लक्षण दिखाई देने पर योग्य चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की है।