पुराने मामलों के निस्तारण में योगदान देने वाले न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और मध्यस्थ सम्मानित
जौनपुर। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जनपद न्यायालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ने प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया। इसके बाद गांधी और लालबहादुर शास्त्री के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। रामधुन और भजन भी हुआ।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता और मध्यस्थता अभियान-3.0 के प्रचार-प्रसार के लिए प्रभात फेरी निकाली गई। जनपद न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया।
न्यायालय परिसर में ‘गांधीवादी दृष्टिकोण एवं मध्यस्थता : विवाद से संवाद तक’ विषय पर विधिक संगोष्ठी आयोजित हुई। इसमें न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और विधि छात्रों ने भाग लिया। वक्ताओं ने मध्यस्थता को विवादों के समाधान का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि इससे पक्षकारों को सस्ता, सुलभ और शीघ्र न्याय मिल सकता है। इससे आपसी संबंध बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
कार्यक्रम में चार दशक से अधिक पुराने मामलों को मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारित कराने में योगदान देने वाले न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और मध्यस्थ को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। संबंधित पक्षकारों को गांधीजी का चित्र भी प्रदान किया गया।


